प्रदेश सरकार ने सूबे में राजस्व विभाग के 214 कानूनगो और पटवारियों को सेवा विस्तार दिया है। इसमें से कई राजस्व अधिकारियों व कर्मचारियों का दूसरी बार कार्यकाल बढ़ाया गया है। करीब डेढ़ माह पूर्व ये कर्मचारी राजस्व विभाग से सेवानिवृत्त हो गए थे। उनकी सेवानिवृत्ति से जहां राजस्व विभाग का कामकाज रुक गया, वहीं आम लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। काम करवाने के लिए लोगों को बार-बार राजस्व विभाग के चक्कर काटने पड़ रहे थे।
214 कर्मचारियों को मिले सेवा विस्तार में जिला कुल्लू के तीन कर्मचारी भी शामिल हैं। इनमें एसडीएम कार्यालय कुल्लू से सेवानिवृत्त हुए कानूनगो का भी नाम है। यह सेवा विस्तार नई नियुक्ति होने तक जारी रहेगा।
प्रेम लाल, चुनी लाल, पुने राम, राज कुमार, दिले राम, राजेंद्र सिंह राजू और गोविंद सिंह ने कहा कि राजस्व विभाग में कानूनगो व पटवारियों की कमी होने से लोगों को काम निपटाने के लिए परेशान होना पड़ा।
खासकर जमीन से जुड़े काम समय पर नहीं हो रहे थे। उपायुक्त कुल्लू यूनुस ने कहा कि कुल्लू जिला से तीन सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सरकार ने फिर से अस्थायी तौर पर सेवा विस्तार दिया है।
Source