नई दिल्ली। हिमाचल महिला कांग्रेस को नई अध्यक्ष मिल गई है। कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की हरी झंडी के बाद सुशीला नेगी की जगह जैनब चंदेल को हिमाचल महिला कांग्रेस की अध्यक्ष नियुक्त किया है। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने नियुक्ति के आदेश जारी कर दिए हैं। जैनब चंदेल राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष भी रहीं हैं। बता दें कि नवंबर माह में दिल्ली में अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सुष्मिता देव ने राज्य की 11 महिलाओं का इंटरव्यू लिया था।
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की सचिव अनिता वर्मा के अलावा हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों से 10 और महिलाएं शुक्रवार को दिल्ली में इंटरव्यू के लिए पहुंची थीं। इनमें कांगड़ा की संतोष शर्मा के अलावा आशा कंवर, जैनब चंदेल, अलकनंदा, चंद्रप्रभा नेगी, कुसुम वर्मा, सुमन चौधरी, विद्या नेगी, अंजना धीमान समेत एक अन्य ने भी महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष से मिलकर अपना बायोडाटा सौंपा था। तमाम औपचारिकताओं के बाद जैनब चंदेल की नियुक्ति की है।