सरकार ने स्टेट गेस्ट पर एक साल में 2 करोड़ लुटाए 199 वीआईपी स्टेट गेस्ट बनाए, नड्डा ही 29 बार आए मुकेश और जगत सिंह नेगी ने पूछे थे सवाल
राज्य सरकार ने जयराम सरकार के एक साल पर धर्मशाला में हुई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनआभार रैली पर करीब 2.31 करोड़ का खर्चा किया है। जन आभार रैली के दौरान 441 एचआरटीसी की बसें और 63 निजी बसें चलाई गई। यह लिखित जानकारी कांगे्रस विधायक जगत सिंह नेगी के सवाल के जवाब में सरकार ने सदन में रखी है।
मुकेश अग्रिहोत्री के एक अन्य सवाल के जवाब में सरकार ने बताया कि बीते एक साल में सरकार ने स्टेट गेस्ट की मेहमान नवाजी पर ही 2 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। पहली जनवरी 2018 से 15 जनवरी, 2019 तक प्रदेश में 199 वीआईपी और वीवीआई को स्टेट गेस्ट बनाया, जिन पर दो करोड़ से अधिक का खर्चा हुआ। हालांकि कुछ ऐसे भी गेस्ट आए हैं जिनके खर्चे का ब्योरा सरकार ने अपने जवाब में नहीं दिया है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक प्रदेश में सबसे अधिक स्टेट गेस्ट के रूप में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा आए हैं।
स्टेट गेस्ट न केवल भाजपा के केंद्रीय नेता ही आए, बल्कि कांग्रेस नेता राहल गांधी व उनकी बहन प्रियंका वाड्रा की सुरक्षा के लिए एसपीजी के पीछे लाखों रुपये लुटाए गए। पिछले साल राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद दो बार और उपराष्ट्रपति वैंकेया नायडू एक बार हिमाचल के दौरे पर आए। राष्ट्रपति पर प्रदेश सरकार ने डेढ करोड़ खर्च किए। इसी तरह से कांग्रेस नेता प्रियंका वाड्रा की एसपीजी सुरक्षा पर चार लाख से अधिक रुपये खर्च किए गए। हालांकि क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी भी हिमाचल में स्टेट गेस्ट बनकर आए, लेकिन सरकार ने केवल उन्हें सुरक्षा ही दी। जेपी नड्डा एक साल में 29 बार हिमाचल आए।